कौन है बठिंडा में सेना के चार जवानों का कातिल? पुलिस को FIR की कहानी पर शक, ‘कुल्हाड़ी’ खोलेगी राज
कौन है बठिंडा में सेना के चार जवानों का कातिल? पुलिस को FIR की कहानी पर शक, ‘कुल्हाड़ी’ खोलेगी राज
बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में चार जवानों की हत्या के 36 घंटे बाद भी कई सवाल के जवाब अभी तक नहीं मिले। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी सुरक्षित क्षेत्र से हमलावर कैसे भाग निकले? वारदात के पीछे वजह क्या है? अब पंजाब पुलिस को एक चश्मदीद की कहानी पर शक है। पुलिस ने उससे पूछताछ भी की। बठिंडा रेंज के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) एसपीएस परमार ने गुरुवार को कहा कि एक चश्मदीद के बयान संदेह पैदा करता है क्योंकि शवों पर कुल्हाड़ी से चोट के निशान नहीं मिले हैं। बठिंडा शहर के शहीद भाई मणि सिंह सिविल अस्पताल में चारों जवानों का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम में कई गोली लगने की पुष्टि हुई है लेकिन कुल्हाड़ी या किसी अन्य तेजधार हथियार का कोई निशान नहीं मिला है। सवाल यह है कि दो हमलावरों में से एक कुल्हाड़ी क्यों ले लेकर आया… जब इसका इस्तेमाल हमले में किया ही नहीं गया। इसके अलावा ड्यूटी पर मौजूद किसी अन्य ने सुरक्षित परिसर में हमलावरों की गतिविधियों को नहीं देखा। पुलिस ने कहा कि चार जवानों की हत्या को लक्षित हत्या के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि अभी मकसद का पता नहीं चल पाया है। किसी भी आतंकी संगठन के शामिल होने का कोई सबूत नहीं है। उन्होंने कहा कि चोरी की गई इंसास राइफल और मैगजीन अपराध स्थल से कुछ ही दूरी पर लावारिस हालत में मिली हैं। एसपी (जांच) अजय गांधी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कई लोगों से पूछताछ की है। उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में बुधवार को चार सैनिकों की हत्या के बाद बठिंडा सैन्य स्टेशन पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
Comments are closed.