पूर्व सीएम चन्नी को विजिलेंस का नोटिस, संपत्ति के दस्तावेज के साथ पेश होने का आदेश
आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस ब्यूरो ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को नोटिस भेजकर बुधवार को तलब किया है। उन्हें अपनी संपत्ति के दस्तावेज लेकर विजिलेंस के मोहाली स्थित मुख्यालय में हाजिर होने का आदेश दिया गया है। वहीं, इस मामले में अब सियासत शुरू हो गई है। पंजाब कांग्रेस ने इसे आप सरकार की बदलाखोरी बताते हुए इस मामले को जालंधर लोकसभा उपचुनाव से जोड़ दिया है। कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर आप को टैग करते हुए लिखा है ‘डरांगे नहीं हरावांगे’ (डरेंगे नहीं, हराएंगे)। इसके साथ ही हैश टैग जालंधर उपचुनाव लिखा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखा है कि जालंधर उपचुनाव की संभावित हार से बौखलाई आम आदमी पार्टी अपने आखिरी हथियार विजिलेंस ब्यूरो का सहारा लेने पर उतर आई है। चन्नी तो हमेशा मुश्किलों का सामना करके पंजाब के हितों के लिए खड़े रहे हैं। मुझे पूरा यकीन है कि वह और भी मजबूती के साथ उभरेंगे। वहीं, आप ने कांग्रेस के बदलाखोरी के आरोप पर पलटवार किया है। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि अगर यह चीज बदलाखोरी या राजनीति से प्रेरित होती तो चन्नी को समन जारी कर रिकॉर्ड लेकर हाजिर होने के लिए न बुलाया जाता, बल्कि पुलिस घर से ही उन्हें गिरफ्तार कर लेती। चन्नी साहिब के भांजे के बेड से 11 करोड़ रुपये मिले थे। अब यह पैसे टेंट लगाकर, मंजे बुनकर और बकरियों का दूध निकाल कर तो आ नहीं सकते। यह पैसे कहां से आ रहे हैं। इस बात की जांच तो विजिलेंस ही करेगी। सब ठीक है तो डरने की जरूरत नहीं है
Comments are closed.