ईंधन कीमतों को लेकर लामबंद विपक्ष पर बरसे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल
ईंधन कीमतों को लेकर लामबंद विपक्ष पर बरसे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, कहा- हमने नहीं बनाई दुनिया में खराब स्थितियां
देश में बढ़ती तेल की कीमतों को लेकर लामबंद विपक्ष पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्थितियां बिगड़ने के चलते पूरी दुनिया में चुनौतियां बढ़ी हैं। ये अंतरराष्ट्रीय स्थिति हमने नहीं बनाई है। चुनाव खत्म होने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्थितियां बिगड़ी। रही बात विपक्ष की तो वो जिस तरह एक के बाद एक चुनाव हार रहे हैं यह उनका निराशा निकालने का एक तरीका है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि यह विपक्ष की हताशा है कि वो तेल की कीमतों में बढ़ोतरी को चुनाव के खत्म होने से जोड़ रहे हैं और इसके लिए सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छह और महीनों के लिए पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना को बढ़ाया है। यह कदम चुनाव खत्म होने के बाद उठाया गया है। मैं विपक्ष से पूछता हूं कि क्या पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना केवल चुनावों के लिए है।पीयूष गोयल ने आगे कहा कि यूक्रेन संकट के बाद पूरी दुनिया में ईंधन की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। यही नहीं लगभग सभी खाद्य पदार्थों के साथ-साथ उर्वरकों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। मुद्रास्फीति के कारण दुनिया समस्याओं का सामना कर रही है। सरकार हर चीज की निगरानी कर रही है। इसके बावजूद सरकार ने इसे नियंत्रण में रखने की कोशिश की है। भारत ने अभी भी उर्वरकों और अनाज की कीमतों को नियंत्रण में रखा है।
Comments are closed.