✒️ अलीगढ़ के मडराक में बुजुर्ग की हत्या में शामिल दो आरोपित सीसीटीवी में कैद, पुलिस की पूछताछ जारी
✒️ अलीगढ़ के मडराक में बुजुर्ग की हत्या में शामिल दो आरोपित सीसीटीवी में कैद, पुलिस की पूछताछ जारी
अलीगढ़ के मडराक क्षेत्र के गांव पड़ियावली में घर में चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग की हत्या के आरोपितों की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। पुलिस ने कई सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। इसमें दो आरोपित कैद भी हुए हैं। लेकिन, इनके चेहरे स्पष्ट नहीं है। इसके अलावा पुलिस स्वजन से पूछताछ भी कर रही है,मडराक कस्बा निवासी 80 वर्षीय देवीराम माहौर करीब 20 साल से क्षेत्र के गांव पड़ियावली में मकान बनाकर रह रहे थे। इस मकान में नीचे परचून की दुकान है। ऊपरी मंजिल पर एक कमरा बना हुआ है। देवीराम ही दुकान संभालते थे। इनके परिवार में पत्नी भूदेवी व पांच बेटे मुकेश, राजेंद्र, सुरेंद्र, सतीश व मोहन हैं। पांचों बेटों की शादी हो चुकी हैं। ये सभी मडराक वाले मकान में रहते हैं। पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले पत्नी भूदेवी भी बीमार होने के चलते बेटों के पास ही रहने चली गई थीं। शुक्रवार रात को देवीराम ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में चारपाई पर सो रहे थे। शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे अज्ञात लोगों ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया। बुरी तरह मारपीट की और भागने लगे। तभी मकान के सामने ताले की फैक्ट्री में काम करने वाले दुर्गेश की नजर आरोपितों पर पड़ गई। बदमाशों के भागने के बाद देवीराम के मकान से कराहने की आवाज आ रही थी। इस पर दुर्गेश ने यूपी-112 को सूचना दे दी। रात में ही स्वजन भी आ गए। देवीराम के सिर में गंभीर चोट थी। लहूलुहाल हालत में उन्हें जिला मलखान सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से क्वार्सी स्थित निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। यहां शनिवार दोपहर करीब दो बजे देवीराम की मौत हो गई। देवीराम के बेटे सतीश की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। एसपी देहात शुभम पटेल ने बताया कि सीसीटीवी में दो लोग दिख रहे हैं। लेकिन, इनकी पहचान नहीं हो पाई है। अन्य सीसीटीवी देखे जा रहे हैं, ताकि कोई सुराग मिल सके।
Comments are closed.