Publisher Theme
I’m a gamer, always have been.
Rajni

भाजपा की जीत की खुमारी में गुरूग्राम के भाजपाई जमकर झूमे

34

भाजपा की जीत की खुमारी में गुरूग्राम के भाजपाई जमकर झूमे

भाजपा की जीत, डबल ईंजन की सरकार पर जनता के भरोसे की जीत

प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने उड़ाया गुलाल और बांटी मिठाईयां

गुरुग्राम पार्टी कार्यालय में नगाड़ों की थाप पर जश्न में झूमे कार्यकर्ता

फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम ।
 चार राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की जीत की खुमारी में गुरुवार को हरियाणा के भाजपाई भी जमकर झूमे। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ गुरुग्राम स्थित पार्टी कार्यालय में नगाड़ों की थाप पर झूमते कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे और खुद भी उन्हें मिठाईयां खिलाकर और गुलाल लगाकर पार्टी की जीत की बधाई दी।  पार्टी का झंडा लहराते हुए धनखड़ ने कहा कि चार राज्यों में भाजपा की जीत वहां की जनता द्वारा डबल इंजन की सरकार पर किए गए विश्वास की जीत है। अपने ऊपर उड़ती फूलों की पंखुड़ियों को देखकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इन चारों राज्यों में फूल खिलाने में हरियाणा भाजपा के कार्यकर्ताओं की मेहनत भी सराहनीय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि कार्यकर्ताओं की निष्ठा और उनके मन में समाजहित की भावना के कारण ही इन राज्यों में भाजपा की सरकार फिर से आ पाई है।

भाजपा की जीत कई मायनों में महत्वपूर्ण
पत्रकारों से बात करते हुए ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में पार्टी की जीत कई मायनों में महत्वपूर्ण है। इसमें सबसे बड़ी बात यह है कि विपक्ष द्वारा बार-बार फैलाए जा रहे भ्रम की सच्चाई जनता को समझ में आ गई है। जनता ने कांग्रेस, बसपा, सपा आदि दलों की सरकार भी देखी है, लेकिन अब जनता ने महसूस किया कि सबसे ज्यादा विकास और सबसे बेहतरीन एवं निर्भय सुशासन भाजपा ही दे सकती है, तो चारों राज्यों में फिर से भाजपा को शासन सौंपने का बहुमत दिया है। एक सवाल के जवाब में कहा कि किसान सदा भारतीय जनता पार्टी के साथ रहे हैं और उत्तर प्रदेश में प्रचंड जीत ने यह साबित भी कर दिया है। धनखड़ ने कहा कि किसानों को भी सबसे ज्यादा विश्वास नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार की नीतियों पर ही है। उत्तर प्रदेश में सुरक्षा बड़ा मुद्दा रही है। योगी राज में लोगों ने खुद को पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस किया। मोदी जी और योगी जी पर विश्वास जताते हुए उत्तर प्रदेश के लोगों ने फिर से भाजपा को पूर्ण बहुमत देकर इतिहास रचा है।

पंजाब में कांग्रेस और अकाली दल ने विश्वास खोया
धनखड़ ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस और अकाली दल का बुरी तरह हारना यह बताता कि इन दोनों दलों ने जनता का विश्वास खोया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पंजाब में पहली बार अपने दम पर लड़ने की शुरुआत कर दी है, इसलिए आने वाले समय में हम वहां भी मजबूत होकर ऊभरेंगे। मणिपुर और गोवा का जिक्र करते हुए धनखड़ ने कहा कि बेहतर नीतियों और राष्ट्र सर्वाेपरि की भावना के कारण वहां भी भाजपा ने लोगों का मन जीता। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना महामारी में लोगों की सहायता, यूक्रेन से अपने नागरिकों को वापिस सुरक्षित लाने की कार्रवाई और सबका साथ सबका विकास की भावना ने भाजपा को लगातार मजबूत किया है।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा, जिलाध्यक्ष गार्गी कक्कड़, मेयर मधु आजाद, प्रदेश मीडिया सह प्रमुख अरविंद सैनी, प्रवक्ता सूरज पाल अम्मू, हरविन्द कोहली, जिला महामंत्री मनीष गाडोली, महामंत्री महेश यादव, अनिल यादव, एनआरआई सेल के प्रदेश संयोजक संदीप देसवाल सहित सैकड़ों और कार्यकर्ताओं  ने हिस्सा लिया। सभी ने फूल व गुलाल उड़ाकर, पटाखे चलाकर और पार्टी का झंडा फहराकर जीत की खुशी मनाई। भारत माता की जय के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद, मोदी और योगी जिंदाबाद के नारे भी लगे। जीत स्पष्ट हो गई तो पार्टी कार्यकर्ताओं ने नाचकर जश्न मनाया।

Comments are closed.

Discover more from Theliveindia.co.in

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading