शिक्षक भर्ती पेपर लीक मामला 40 लाख में पेपर बेचने वाले शेरसिंह को ढूंढ़ रही 10 टीमें, कई जगह दबिश
शिक्षक भर्ती पेपर लीक मामला:40 लाख में पेपर बेचने वाले शेरसिंह को ढूंढ़ रही 10 टीमें, कई जगह दबिश
उदयपुर
आरपीएससी की द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने के मास्टर माइंड भूपेंद्र सारण से रिमांड के दूसरे शनिवार को भी पुलिस ने कड़ी पूछताछ की। फिलहाल उसने और कोई नई जानकारी नहीं दी है, लेकिन उसके एक दिन पहले के कबूलनामे पर पुलिस ने 40 लाख रुपए में पेपर बेचने वाले चौमू (जयपुर) निवासी शिक्षक शेर सिंह मीणा और इनके बाकी साथियों की तलाश, गिरफ्तारी के लिए 10 टीमें संभावित ठिकानों पर रवाना की हैं।
एएसपी महेन्द्र पारीक ने बताया कि शेर सिंह आबू रोड में अध्यापक के पद पर कार्यरत है और मूलत: चौमू का रहने वाला है। पुलिस उसके सभी ठिकानों को ट्रेस कर चुकी है। टीमें पिंडवाड़ा, चौमू और आस-पास के क्षेत्र सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। उसके जल्द ही गिरफ्त में आने की उम्मीद है। भूपेन्द्र सारण 27 फरवरी तक रिमांड पर है। गिरफ्तारी के बाद समय काफी रहा तो शेर सिंह और भूपेंद्र दोनों से एक साथ पूछताछ की जाएगी। शेर सिंह की गिरफ्तारी में देरी पर सारण को वापस रिमांड पर लिया जा सकता है। इससे इनकी बातों-खुलासों को क्रॉस चेक किया जा सकेगा।
बता दें, पेपर लीक के मास्टर माइंड भूपेन्द्र को एसओजी, एटीएस और उदयपुर डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम ने गुरुवार को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया था। उसे शुक्रवार को उदयपुर लाने के बाद जुलूस के रूप में कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे तीन दिन के रिमांड पर भेजा था। भूपेंद्र साल 2011 की जीएनएम भर्ती और साल 2022 में पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले में भी आरोपी था। इन मामलों में वह जेल भी जा चुका है। पुलिस उसकी गर्ल फ्रेंड और पत्नी को भी गिरफ्तार कर चुकी है।
Comments are closed.