राम रहीम को फिर 30 दिन की पैरोल; सिरसा आश्रम में एंट्री पर रोक, बरनावा आश्रम में रहना होगा
राम रहीम को फिर 30 दिन की पैरोल; सिरसा आश्रम में एंट्री पर रोक, बरनावा आश्रम में रहना होगा
दुष्कर्म और हत्या मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को एक बार फिर 30 दिन की पैरोल मिल गई है। जेल प्रशासन ने राम रहीम को सिरसा डेरे में जाने की इजाजत नहीं दी है। एक बार फिर उसे यूपी के बागपत में स्थिति बरनावा आश्रम में रहना पड़ेगा, जिसको लेकर बरनावा आश्रम की सुरक्षा बढ़ाई गई है और सिरसा से घोड़े और गाय पहुंचाई गई है। राम रहीम को सजा के दौरान मिली यह सातवीं पैरोल है। यहीं नहीं, इसी साल जनवरी में राम रहीम को 40 दिन की पैरोल मिली थी। उधर, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने हत्या और दुष्कर्म जैसे संगीन आरोपों के तहत जेल में सजा काट रहे डेरा सिरसा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर 30 दिन की पैरोल मिलने पर कड़ा एतराज जताया है।
एडवोकेट धामी ने कहा कि सरकार की इस दोहरी नीति से सिखों में अविश्वास का माहौल पैदा हो रहा है। अगर हत्या और बलात्कार जैसे अपराधों के आरोपी गुरमीत राम रहीम को बार-बार पैरोल दी जा सकती है, तो सरकार बंदी सिंहों की रिहाई के लिए सिख समुदाय द्वारा उठाई जा रही आवाज क्यों नहीं सुन रही है। शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि सरकारें अपने राजनीतिक हितों के लिए गुरमीत राम रहीम के जघन्य अपराधों पर आंखें मूंद रही हैं और उसे बार-बार जाने दे रही हैं। सरकारों की ऐसी नीति सिखों को अलग-थलग महसूस कराने वाली है, जो देश के लिए अच्छा नहीं है। उन्होंने कहा कि गुरमीत राम रहीम की पैरोल तुरंत रद्द की जानी चाहिए और उसे जेल में बंद किया जाना चाहिए।
Comments are closed.