ओड़िशा के स्वास्थ्य मंत्री का निधन, सुरक्षा में तैनात ASI ने मारी थी गोली; राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक
ओड़िशा के स्वास्थ्य मंत्री का निधन, सुरक्षा में तैनात ASI ने मारी थी गोली; राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक
ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब दास का निधन हो गया है। रविवार दोपहर में उन पर जानलेवा हमला किया गया था। ब्रजराजनगर के गांधी चौक में एक कार्यक्रम के दौरान उन पर फायरिंग की गई थी। इसके बाद नब दास को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नब दास के सीने पर गोली लगी थी। अस्पताल ने एक बयान में कहा कि जख्मों का उपचार किया गया और हृदय की गति में सुधार के लिए कदम उठाए गए। गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में उनका उपचार किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका और उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी मंत्री नब किशोर दास के दुर्भाग्यपूर्ण निधन पर दुख जताया।
ओडिशा CMO की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वे सरकार और पार्टी दोनों के लिए एक संपत्ति थे। उनका निधन ओडिशा राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है। इससे पहले ब्रजराजनगर के एसडीपीओ गुप्तेश्वर भोई ने बताया था कि सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) गोपाल दास ने मंत्री पर गोली चलाई थी। घटना में मंत्री घायल हुए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय लोगों ने आरोपी एएसआई को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। एएसआई ने मंत्री पर गोली क्यों चलाई, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू की गई है। एसडीपीओ के मुताबिक, घटना ब्रजराजनगर शहर में अपराह्न करीब एक बजे के आसपास उस समय हुई, जब दास एक बैठक में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
Comments are closed.