यूपी विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव 29 मार्च को, कल दोपहर दो बजे तक भरे जाएंगे नामांकन
यूपी विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव 29 मार्च को, कल दोपहर दो बजे तक भरे जाएंगे नामांकन
उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा के अध्यक्ष का चुनाव 29 मार्च को होगा। 28 मार्च को दिन में दो बजे से पहले तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे। प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप कुमार दुबे ने शनिवार को चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया। उन्होंने बताया कि राज्यपाल ने विधानसभा अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए 29 मार्च की तिथि तय कर दी है। 29 मार्च को अपराह्न तीन बजे विधानसभा मंडप में चुनाव होगा। अध्यक्ष के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की तिथि 28 मार्च है। विधानसभा का कोई भी निर्वाचित सदस्य किसी दूसरे निर्वाचित सदस्य के नाम का प्रस्ताव करते हुए नामांकन पत्र पेश कर सकता है। नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले सदस्य का शपथ ग्रहण अनिवार्य है। भाजपा में वरिष्ठता के हिसाब से कई विधायक हैं, जिन्हें मंत्रिपरिषद में स्थान नहीं मिल सका है। कानपुर की महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र से आठवीं बार निर्वाचित सतीश महाना को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जाना लगभग तय माना जा रहा है। योगी सरकार 1.0 में सतीश महाना औद्योगिक विकास मंत्री थे, लेकिन इस बार उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया है। इनके अलावा आठ बार के विधायक रमापति शास्त्री भी इस बार मंत्रिमंडल में स्थान नहीं पा सके हैं। उन्हें प्रोटेम स्पीकर बनाया गया है।
Comments are closed.