लोकतंत्र की हत्या है, बेईमानी हो गई हारने पर खूब रोए AAP के मेयर कैंडिडेट कुलदीप कुमार
लोकतंत्र की हत्या है, बेईमानी हो गई हारने पर खूब रोए AAP के मेयर कैंडिडेट कुलदीप कुमार
नई दिल्ली: चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी के मेयर कैंडिडेट कुलदीप कुमार को हार का सामना करना पड़ा। इस चुनाव में भाजपा कैंडिडेट को 16 मत मिले, जबकि कुलदीप कुमार के खाते में 12 वोट ही आए। चुनाव में पड़े 8 वोट अवैध रहे। चुनाव में अवैध करार दिए वोटों को लेकर अब विवाद छिड़ गया है। आम आदमी पार्टी ने इस फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती देने की बात कही है। यही नहीं नतीजे के बाद निराश कुलदीप कुमार रोते हुए नजर आए। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के पार्षद उन्हें चुप कराते दिखे। कुलदीप कुमार रोते हुए कह रहे थे कि हमारे साथ बेईमानी हुई है। यह लोकतंत्र की हत्या है। यही नहीं आम आदमी पार्टी की पार्षद प्रेमलता ने तो इस चुनाव को हाई कोर्ट में चुनौती देने की बात कही। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर को ही मेरे हाथ से छीन लिया गया।
अवैध करार दिए गए वोटों को लेकर उन्होंने कहा कि हमारे हाथों से बैलेट पेपर लेकर उन पर गलत साइन कर दिए गए। इसकी वजह से वोटों को अवैध करार दिया गया। बता दें कि इस चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर चुनाव में उतरे थे। ऐसे में इस हार ने दोनों को ही झटका दिया है। इस नतीजे पर अरविंद केजरीवाल का भी रिएक्शन आया है। उनका कहना है कि यह बेईमानी का चुनाव हुआ है। आप सोचिए कि जब एक मेयर के इलेक्शन में इन लोगों ने ऐसा किया है तो फिर देश के चुनाव में क्या करेंगे। राघव चड्ढा ने भी इस इलेक्शन में बेईमानी का आरोप लगाया है।
यह चुनाव कितना हाईप्रोफाइल है, इससे समझा जा सकता है कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी इस पर रिएक्शन आया है। उनका कहना है कि INDIA अलायंस का यह पहला चुनावी मुकाबला था, जिसमें उसे हार झेलनी पड़ी है। इससे पता लगता है कि उसकी राजनीतिक ताकत क्या है।
Comments are closed.