योगी मंत्रिपरिषद में सबसे अमीर मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, जानिए किसके पास कितनी संपत्ति
योगी मंत्रिपरिषद में सबसे अमीर मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, जानिए किसके पास कितनी संपत्ति
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रिपरिषद के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। योगी के इस 53 सदस्यीय मंत्रिपरिषद से लोकसभा चुनाव 2024 की मजबूत तैयारी भी है। योगी आदित्यनाथ की मंत्रिपरिषद में सबसे अमीर मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह हैं। अमेठी की तिलोई सीट से जीतकर आये मयंकेश्वर सिंह की घोषित संपत्ति 58 करोड़ रुपये है। उन्हें राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है,योगी सरकार के सबसे अमीर मंत्रियों में दूसरे नंबर पर राकेश सचान और तीसरे नंबर पर नंद गोपाल गुप्ता नंदी हैं। कानपुर देहात की भोगनीपुर सीट से जीत दर्ज करने वाले राकेश सचान ने अपनी संपत्ति 37.54 करोड़ रुपये व प्रयागराज की दक्षिण सीट से विजेता रहे नंदी ने 37.32 करोड़ रुपये घोषित की है। चुन कर आये कई ऐसे सदस्य भी हैं, जिनकी संपत्ति 10 करोड़ रुपये से अधिक है।एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफार्म (एडीआर) की रिपोर्ट के अनुसार राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बने नितिन अग्रवाल 31.52 करोड़ तथा रविन्द्र जायसवाल 26.98 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपनी संपत्ति 10 करोड़ से अधिक घोषित की है। कैबिनेट मंत्री बने जयवीर सिंह की संपत्ति 17 करोड़ रुपये से अधिक व लक्ष्मी नारायण सिंह की संपत्ति 14 करोड़ रुपये है,कैबिनेट मंत्री बने अरविंद कुमार शर्मा भी 10 करोड़ से अधिक की संपत्ति के स्वामी हैं। इनके अलावा मंत्रिपरिषद में शामिल सूर्य प्रताप शाही, सुरेश कुमार खन्ना, स्वतंत्र देव सिंह, बेबीरानी मौर्य, धर्मपाल सिंह, अनिल राजभर, कपिल देव अग्रवाल, गुलाब देवी, असीम अरुण, दयाशंकर सिंह, बलदेव ओलख, संजय सिंह गंगवार, सुरेश राही, प्रतिभा शुक्ला, डा.सोमेन्द्र तोमर व रजनी तिवारी भी करोड़पति हैं।
Comments are closed.