Publisher Theme
I’m a gamer, always have been.
Rajni

आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करें – जेपी नड्डा

16

आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करें – जेपी नड्डा

समाज के अंतिम व्यक्ति को ठोस कदम उठा समाज की मुख्यधारा से जोड़ा

मोदी की गारंटी के मद्देनजर देश भर में चल रही विकसित भारत संकल्प यात्रा 

इंद्रजीत सिंह व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने भी किया संबोधित

फतह सिंह उजाला 

घामडोज / गुरुग्राम, 09 दिसंबर। विकसित भारत संकल्प यात्रा में  शनिवार को राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा गांव घामड़ौज पहुंचे। मुख्य अतिथि  नड्डा ने सरकार की जनहितकारी योजनाओं पर  प्रदर्शनी का अवलोकन किया और लाभार्थियों को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी द्वारा देशवासियों के नाम वर्चुअल माध्यम से दिए गए संबोधन को भी सुना गया। गुरूग्राम जिला में पहुंचने पर केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह व सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी ने मुख्यातिथि श्री  नड्डा  का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।

सांसद जगत प्रकाश नड्डा ने केंद्र व प्रदेश सरकार की अंत्योदय की भावना से क्रियान्वित योजनाओं की सराहना करते हुए आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आमजन को केंद्र व प्रदेश सरकार की कुशल कार्यशैली में भागीदार बनते हुए आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने साढ़े 9 साल के कार्यकाल में समाज के अंतिम व्यक्ति को सरकारी सेवाएं प्रदान करने की दिशा में ठोस कदम उठाते हुए समाज की मुख्यधारा से जोड़ा है। मोदी की गारंटी को मद्देनजर रखते हुए देश भर में चल रही विकसित भारत संकल्प यात्रा सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ गांव व शहरी क्षेत्र को कवर कर रही है। 

यात्रा जनसेवा के प्रति समर्पित यात्रा

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने विकसित भारत संकल्प यात्रा को जनसेवा के प्रति समर्पित यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भारत का इतिहास दोहराते हुए इसे फिर से एक बार दुनिया का सिरमौर बनाने की दिशा में कारगर ढंग से आगे बढ़ रहे हैं। आज भारत दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान कायम कर रहा है। ग्रामीण स्तर से लेकर उच्च स्तर तक हर आमजन को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सरकार प्रभावी ढंग से आगे बढ़ रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज जिस गांव घामड़ौज में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है वह विकास की दिशा में पूरे देश में अपनी भागीदारी निभा रहा है। उन्होंने श्री नड्डा के आगमन पर उन्हें धन्यवाद व्यक्त किया कि जन सेवा के प्रति सरकार जो दायित्व निभा रही है उसमें मोदी की गारंटी का प्रमाण देने के लिए वे स्वयं यहां उपस्थित हुए हैं।

गौरवमय ढंग से संकल्प यात्रा का आगाज

सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 नवंबर को हरियाणा में विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद कार्यक्रम की शुरुआत की थी और उस समय 28 प्रचार वाहनों के माध्यम से पूरे प्रदेश में गौरवमय ढंग से संकल्प यात्रा का आगाज हुआ था । आज पूरे प्रदेश में 70 से अधिक प्रचार वाहन मोदी की गारंटी के साथ गांव-गांव में दस्तक देते हुए लोगों को सरकार की जनहितकारी योजनाओं व विकासात्मक उपलब्धियों से अवगत करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में लोगों को सीधे रूप से जोड़ते हुए उनकी समस्याओं का समाधान भी किया जा रहा है।

देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करेंगे

‘विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद’ कार्यक्रम के दौरान श्री जगत प्रकाश नड्डा ने उपस्थित गणमान्य लोगों के साथ मिलकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेते हुए शपथ ली कि भारत को 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करेंगे। गुलामी की मानसिकता को जड़ से उखाड़ फेकेंगे। देश की समृद्ध विरासत पर गर्व करेंगे। भारत की एकता को सुदृढ़ करेंगे और देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करेंगे। नागरिक होने का कर्तव्य निभाएंगे। कार्यक्रम में केंद्र व हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी उपलब्धियों पर आधारित शॉर्ट फिल्म का भी प्रसारण किया गया। इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य सुधा यादव, सोहना से विधायक संजय सिंह, विकसित भारत संकल्प यात्रा के लिए प्रदेश के नोडल अधिकारी एवं भारत सरकार में अतिरिक्त सचिव आलोक कुमार, डीसी निशांत कुमार यादव, एडीसी हितेश कुमार मीणा, सोहना के एसडीएम प्रदीप सिंह, सीईओ जिप अनु श्योकंद, पूर्व विधायक तेजपाल तंवर, पूर्व विधायक बिमला चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष गार्गी कक्कड़, यात्रा के प्रदेश संयोजक मनीष यादव, निवर्तमान मेयर मधु आजाद, सरपंच साधना रानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Comments are closed.

Discover more from Theliveindia.co.in

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading