जया वर्मा सिन्हा रेलवे बोर्ड चेयरमैन बनीं, इस पद को पाने वाली पहली महिला..!!
जया वर्मा सिन्हा रेलवे बोर्ड चेयरमैन बनीं, इस पद को पाने वाली पहली महिला..!!
नई दिल्ली: जया वर्मा सिन्हा रेलवे बोर्ड की चेयरमैन बनाई गई हैं। इस पद पर बैठने वाली वे पहली महिला होंगी। वे अनिल कुमार लाहोटी की जगह लेंगी और 1 सितंबर, 2023 को पदभार ग्रहण करेंगी। फिलहाल वे रेलवे बोर्ड में परिचालन और व्यवसाय विकास की सदस्य हैं।.
आज की अन्य बड़ी खबरें…:
केंद्र सरकार ने 18 सितंबर से संसद का स्पेशल सेशन बुलाया, 22 सितंबर तक चलेगा:
केंद्र सरकार ने 18 सितंबर से 22 सितंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इसमें कुल 5 बैठकें होंगी। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर बताया- अमृत काल के बीच संसद में सार्थक चर्चा और बहस का इंतजार कर रहा हूं। इससे पहले संसद का मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चला था। मणिपुर हिंसा को लेकर विपक्ष के विरोध के बाद कई बार सत्र बिना कामकाज के स्थगित करना पड़ा था। इस सत्र में विपक्ष सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी लाया था, जो गिर गया।.
लोकसभा चुनाव के पहले दिल्ली कांग्रेस में बदलाव, अरविंदर सिंह लवली को अध्यक्ष की कमान सौंपी:
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने गुरुवार को दिल्ली कांग्रेस में बदलाव किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अरविंदर सिंह लवली को दिल्ली का अध्यक्ष नियुक्त किया है। अभी अनिल चौधरी के पास ये जिम्मेदारी थी। सूत्रों के मुताबिक, चौधरी का इस्तीफा पहले ही हो चुका था, लेकिन पहले भारत जोड़ो यात्रा और फिर कर्नाटक चुनाव के कारण नए अध्यक्ष का फैसला टलता रहा। लवली शीला दीक्षित सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं।.
जम्मू-कश्मीर में SIA और CID के जॉइंट ऑपरेशन में 30 साल से फरार 8 आतंकी गिरफ्तार:
जम्मू-कश्मीर में स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) और क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) ने एक स्पेशल ऑपरेशन के तहत 8 आतंकियों को गिरफ्तार किया। ये आतंकी टेररिस्ट एंड डिसरप्शन एक्टिविटीज (प्रिवेंशन) (TADA) एक्ट के तहत दोषी थे और 30 साल से फरार थे। पुलिस ने गुरुवार को जानकारी दी कि SIA और CID पिछले कुछ महीनों से बेहद खुफिया तरीके से उन हत्यारों और आतंकियों को ढूंढ रही थी, जो लोगों के बीच छुपकर रह रहे थे। जम्मू-कश्मीर से आतंक का सफाया करने के मकसद से SIA ने आतंकवाद से जुड़े सभी मामलों में फरार लोगों को ढूंढकर कर कोर्ट में पेश करने के लिए एक खास ऑपरेशन शुरू किया है।अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मामलों में कुल 734 लोग फरार हैं। इनमें से 417 कश्मीर और 317 जम्मू के हैं। ये लोग TADA और प्रिवेंशन ऑफ टेररिस्ट एक्टिविटीज POTA के तहत 327 मामलों में वॉन्टेड हैं। SIA ने इन 734 फरार लोगों में से 369 फरार लोगों को वेरिफाई और आइडेंटिफाई किया है। इनमें से 215 जम्मू और 154 कश्मीर के हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जिन 369 फरार लोगों की पहचान की गई है, उनमें से 80 की मौत हो चुकी है, 45 पाकिस्तान या पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और अन्य देशों में रह रहे हैं, 127 लोगों की लोकेशन ट्रेस नहीं हो पाई है, जबकि 4 लोग पहले से जेल में हैं।.
दिल्ली के मेट्रो स्टेशन पर खालिस्तानी नारे लिखने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया:
दिल्ली के 5 मेट्रो स्टेशनों पर 27 अगस्त को खालिस्तानी नारे लिखे गए थे। इस मामले में पुलिस ने गुरुवार को पंजाब के दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने IPC की धारा 153 A, 505 और डिफेसमेंट एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। सिख फॉर जस्टिस संगठन के चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक वीडियो जारी कर इन स्लोगन की जिम्मेदारी ली थी। मामले की जांच जारी है।.
कावेरी के पानी को लेकर कर्नाटक के किसानों ने किया विरोध प्रदर्शन, रात भर मोमबत्ती जलाकर बैठे:
कर्नाटक में किसानों के एक समूह ने तमिलनाडु को कावेरी जल छोड़ने के आदेश के विरोध में बुधवार को प्रदर्शन किया। वे रात भर मोमबत्ती जलाकर धरना देते रहे। किसान, जल विनियमन समिति की उस सिफारिश से नाराज है जिसमें कर्नाटक द्वारा 15 दिनों के लिए तमिलनाडु को 5000 क्यूसेक पानी छोड़ जाने का जिक्र है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विरोध प्रदर्शन श्रीरंगपट्टनम के पास मांड्या में 30 अगस्त की सुबह शुरू हुआ था।.
जम्मू-कश्मीर के रामबन में तीन झोपड़ियों में लगी आग, 3 लोगों की मौत; 2 घायल:
जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के एक गांव में बुधवार को तीन झोपड़ियों में आग लग गई। इस हादसे में एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना पोगल परिस्तान के ऊपरी इलाके में हम्मर गली में हुई। इसमें मृतक महिला के पति और सास को चोटें आईं हैं। पुलिस के मुताबिक, जिन झोपड़ियों में आग लगी थी वो गुज्जर समुदाय के सदस्यों की थीं। मृतकों की पहचान नजमा बेगम (25) और उनकी बेटियां अस्मा बानो (6) और इकरा बानो (2) के रूप में हुई है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।.
बहन से बलात्कार के आरोपी भाई को 20 साल की जेल, ओडिशा HC ने सुनाया फैसला:
ओडिशा हाई कोर्ट ने बुधवार को एक ट्रायल कोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए एक व्यक्ति को 20 साल की जेल की सजा सुनाई। उस पर अपनी बहन का बार-बार रेप करने और 14 साल की उम्र में उसे गर्भवती करने का आरोप है। न्यायाधीश एस के साहू ने आरोपी की अपील खारिज करते हुए उस पर 40 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। उसे दो साल अतिरिक्त कठोर कारावास की सजा भी सुनाई गई है। जस्टिस साहू ने इस बात पर अफसोस जताया कि उन्हें रक्षाबंधन के दिन ऐसे मामले का फैसला करना पड़ा।.
1 सितंबर को भारतीय नौसेना का नया युद्धपोत महेंद्रगिरि मुंबई में लॉन्च होगा:
भारतीय नौसेना की क्षमताओं को बढ़ाने के लिए 1 सितंबर को नया युद्धपोत महेंद्रगिरि लॉन्च किया जाएगा। महेंद्रगिरि प्रोजेक्ट 17ए के तहत बनने वाला सातवां और आखिरी स्टील्थ फ्रिगेट है। मुंबई के मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की पत्नी सुदेश धनखड़ इसे लॉन्च करेंगी। इस युद्धपोत का नाम ओडिशा में स्थित पूर्वी घाट की एक पर्वत चोटी के नाम पर रखा गया है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।.
Comments are closed.