बहादुरगढ़ में पूर्व मंत्री के बेटे की खुदकुशी का मामला
इनेलो प्रदेशाध्यक्ष सहित 6 पर FIR,जमीन से जुड़ा है विवाद, पुलिस ने शुरू की जांच
हरियाणा के पूर्व मंत्री मांगेराम के पुत्र एवं भाजपा नेता जगदीश नंबरदार ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। उनकी मौत के लिए परिजनों ने इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी सहित 6 लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। सिटी पुलिस ने आरोप के आधार पर धारा 306 व 34 IPC में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष ने मुख्यमंत्री से भी मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए SP झज्जर ने SIT गठित कर दी है।
जहर खाकर दी जान
दरअसल, जगदीश नंबरदार ने बुधवार की दोपहर बाद अपने कार्यालय में जहरीला पदार्थ निगल लिया था। इससे उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल की तरफ दौड़े और पुलिस भी मौके पर पहुंची।
मौत से पहले वायरल हुआ ऑडियो
मौत से कुछ दिन पहले ही जगदीश की ऑडियो क्लिप इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई थी। ऑडियो में उन्होंने दबाव में आकर आत्महत्या करने का जिक्र किया था। अब जगदीश की मौत के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। विभिन्न राजनीतिक संगठनों के लोग अस्पताल में पहुंच गए। गुरुवार दोपहर तक यह सिलसिला जारी रहा। सूचना के बाद खुद SP वसीम अकरम बहादुरगढ़ पहुंचे और आश्वासन दिया।जिसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए।
बेटे ने गंभीर आरोप लगाए
पुलिस को दी शिकायत में गौरव राठी ने कहा है कि उनके पिता जगदीश नंबरदार को पिछले कुछ वर्षों से पूर्व विधायक नफे सिंह राठी, उनका भांजा अजय दलाल उर्फ सोनू, को-ऑपरेटिव बैंक के पूर्व MD महेंद्र सिंह राठी हमारी पुश्तैनी जमीन व घर पर कब्जा करने की धमकी दे रहे थे। फरवरी 2019 में हमारी दुकान पर कब्जा किया गया था। इस संबंध में पिता ने पुलिस को शिकायत दी थ।
IO ने पिस्तौल के बल पर कराया समझौता
आरोप है कि IO अश्विनी ने उन लोगों के साथ मिलकर कुछ दस्तावेजों पर पिस्तौल के बल पर पिता के हस्ताक्षर लेकर समझौता करा दिया। फिर जाली तरीके से कुछ दस्तावेज तैयार कर हमारी जमीन हड़पने में पटवारी श्याम और उसके सहयोगी राजू बंगाली ने भी साथ दिया। पिता को लगातार धमकी मिल रही थी।
इससे तंग आकर गत 26 दिसंबर 2022 को एक ऑडियो क्लिप डालकर मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से न्याय की गुहार लगाई थी।
रिकॉर्डिंग में बयां किया दर्द
रिकार्डिंग में उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर किया जा रहा है। हमने जब रिकार्डिंग सुनी तो पिता को समझाया था। बुधवार को उन्होंने प्रताड़ना से तंग आकर जहर निगल लिया। बेटे ने मांग की कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए। उधर, वायरल ऑडियो और गौरव की शिकायत पर पुलिस ने सभी 6 आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।
ASP के नेतृत्व में बनाई SIT
झज्जर SP वसीम अकरम ने कहा कि परनाला रोड के रहने वाले जगदीश ने आत्महत्या की है। 26 दिसंबर को उनकी एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई थी। ऑडियो में उन्होंने कुछ नाम लिए थे। इसको लेकर आरोपियों के खिलाफ सिटी थाने में 306, 34 के तहत केस दर्ज किया गया है। कई टीमें जांच कर रही है।
ASP बादली अमित यशवर्धन की अगुवाई में SIT भी गठित कर दी गई है। FIR में पुलिस कर्मी अश्विनी का भी नाम शामिल है। उनका भी रोल मिलता है, तो कार्रवाई होगी। जल्द ही मामले को सुलझाएंगे।
Comments are closed.