भाजपा का हस्ताक्षर अभियान आज से, संस्थान बंद करने के मुद्दे पर विशेष मुहिम छेड़ेगा विपक्ष
भाजपा का हस्ताक्षर अभियान आज से, संस्थान बंद करने के मुद्दे पर विशेष मुहिम छेड़ेगा विपक्ष
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में 620 से अधिक सरकारी संस्थानों को बंद कर लोगों को असुविधा पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा इसका विरोध और कड़ी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल और भाजपा कार्यसमिति में यह तय हुआ कि भाजपा मंडल स्तर पर हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से कांग्रेस सरकार के फरमानों का जवाब देगी। इसको लेकर प्रत्येक मंडल में बैनर लगाकर भाजपा हस्ताक्षर अभियान चलाएगी। हर चौक पर कुर्सी, माइक और बैनर लगाकर भाजपा विरोध प्रदर्शन करेगी। इस अभियान के प्रदेश संयोजक भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और श्रीनयना देवी के विधायक रणधीर शर्मा रहेंगे।
उन्होंने बताया कि 15 से 25 फरवरी तक भाजपा मंडल स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाएगी। जिला स्तर पर भाजपा आम जनता के साथ घर-घर जाकर भी हस्ताक्षर अभियान के कार्यक्रम को चलाया जाएगा। जनता में इसको लेकर काफी रोष है। इसीलिए जगह-जगह एसडीएम या जिला उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भी भेजा जाएगा। इसके उपरांत 25 फरवरी से पांच मार्च तक नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, पूर्व मंत्री, विधायक और केंद्रीय मंत्रियों का प्रवास जिला स्तर पर रहने वाला है, जहां वे जिला केंद्रों पर आयोजित होने वाली जिला स्तरीय रोष रैलियों में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि इतने कार्यालय एक साथ किसी सरकार ने बंद कर दिए हैं।
Comments are closed.