बीजेपी ने राहुल और सोनिया गांधी का पुतला फूंका
भाजपाईयो ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर की नारेबाजी
घोटालों का पर्दाफाश होने से कांग्रेस पार्टी बुरी तरह बौखला गई
*कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करके देश के लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है : मयंक निर्मल*
फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम, 17 अप्रैल। नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुए घोटालों और कांग्रेस पार्टी द्वारा अराजकता व तोड़फोड़ के विरोध में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को सोनिया गांधी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला फूंका। अग्रवाल धर्मशाला चौक पर भाजपा के कार्यकर्ता एकत्रित हुए और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर जिला महामंत्री रामबीर भाटी, सचिव पी. सी. सैनी, जिला मीडिया प्रभारी पवन यादव, युवा मोर्चा अध्यक्ष मयंक निर्मल, निधि कोटिया, धर्मवीर, मंडल अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, लोकेश कटारिया, आशीष गुप्ता, धनेश यादव, अजीत यादव, देवेंद्र भाटी, रोहित चौहान, राहुल गुर्जर, जिला मंत्री चेतन फ़लसवाल, गौरव कटारिया, हिमांशु वर्मा, अमित राघव, योगेश चौधरी, दीपक शर्मा, कोषाध्यक्ष वरदान मनचंदा, उमेश मलिक आदि मौजूद रहे।
भाजपा जिला महामंत्री रामबीर भाटी ने कहा कि कांग्रेस के घोटालों का पर्दाफाश होने से कांग्रेस पार्टी बौखला गई है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने करोड़ों रुपये की हेराफेरी की। श्री भाटी ने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी द्वारा की जा रही कार्रवाई एक कानूनी प्रक्रिया है। कांग्रेस के लोग विरोध प्रदर्शन करके बाधा उत्पन्न करने का प्रयास कर रहे हैं।
रामबीर भाटी ने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने यंग इंडिया की आड़ में अवैध रूप से जमीन हड़पी। इस मामले में दोनों मां-बेटा अभी भी जमानत पर बाहर है। नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग में कांग्रेस नेताओं के नाम आने से कांग्रेस के कार्यकर्ता बौखला गए हैं। श्री भाटी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को सरकारी सम्पत्ति और फंड लूटने का कोई अधिकार नहीं है। भाटी ने कहा कि कांग्रेस ने यंग इंडिया लिमिटेड कंपनी बनाई और राहुल गांधी को कंपनी का डायरेक्टर नियुक्त किया। कंपनी में 38-38 प्रतिशत शेयर सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने अपने पास रखे। 24 फीसदी शेयर कांग्रेस नेताओं मोतीलाल वोरा और ऑस्कर फर्नांडीस के पास थे। एजेएल के 10-10 रुपये के नौ करोड़ शेयर वाईआईएल को दे दिए गए और इसके बदले यंग इंडियन को कांग्रेस का लोन चुकाना था। 9 करोड़ शेयर के साथ यंग इंडियन को इस कंपनी के 99 फीसदी शेयर हासिल हो गए।
भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष मयंक निर्मल ने कहा कि ईडी द्वारा सोनिया गांधी और राहुल गांधी से भ्रष्टाचार के मामले में पूछताछ होने से कांग्रेस के नेता तिलमिला गए हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. सुब्रमण्यम स्वामी की शिकायत पर केस शुरू हुआ। कांग्रेस पार्टी ने एजेएल को 90 करोड़ रुपए का लोन दिया। बाद में वाईआईएल ने इस कर्ज को मात्र 50 लाख रुपए में खरीद लिया और एजेएल की संपत्तियों में दिल्ली के हेराल्ड हाउस पर कब्जा कर लिया। मयंक निर्मल ने कहा कि कांग्रेस का यह लेन देन धोखाधड़ी पूर्ण था और कांग्रेस ने गलत तरीके से एजेएल की 2,000 करोड़ रुपए की संपत्ति हथियाई। जब यह केस ईडी के पास गया था तो ईडी की चार्जशीट में राहुल, सोनिया गांधी समेत सैम पित्रोदा सहित कई कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के नाम आए। अब कांग्रेस के नेता जनता में प्रदर्शन करके भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस के कारनामों से परिचित है और इनके भ्रम में फंसने वाली नहीं है।