Publisher Theme
I’m a gamer, always have been.
Rajni

खेल जाति व आर्थिक हैसियत से ऊपर उठकर समाज को जोड़ता : राव नरबीर 

0 3

खेल जाति व आर्थिक हैसियत से ऊपर उठकर समाज को जोड़ता : राव नरबीर 

फिट इंडिया-हिट इंडिया अभियान की भावना को अपनाकर ही खेलें

प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल और व्यायाम के लिए अवश्य निकालें 

गुरुग्राम में दो दिवसीय मंडल स्तरीय श्रमिक खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न

समारोह ताऊ देवी लाल स्टेडियम, सेक्टर-38 में आयोजित किया गया 

फतह सिंह उजाला

गुरुग्राम, 19 सितंबर। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि खेल समाज में एकता और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। खेल का मैदान ऐसा स्थान है, जहाँ हर नागरिक अपनी जाति व आर्थिक हैसियत को त्यागकर केवल खिलाड़ी के रूप में उतरता है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक मजबूती प्रदान करते हैं, बल्कि मानसिक संतुलन और सामाजिक समरसता को भी बढ़ाते हैं। मंत्री ने कहा कि संतुलित और स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल और व्यायाम के लिए अवश्य निकालना चाहिए।

कैबिनेट मंत्री शुक्रवार को गुरुग्राम में सेवा पखवाड़े के अंतर्गत हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड व श्रम विभाग द्वारा दो दिवसीय मंडल स्तरीय श्रमिक खेलकूद प्रतियोगिता-2025 समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। यह समारोह ताऊ देवी लाल स्टेडियम, सेक्टर-38 में आयोजित किया गया था।

समारोह को संबोधित करते हुए उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि  कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “फिट इंडिया-हिट इंडिया” अभियान की भावना को अपनाकर हरियाणा के लोग भी खेलों और शारीरिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे खेल को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर न केवल अपनी सेहत सुधारें बल्कि प्रदेश और देश का गौरव भी बढ़ाएं। राव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि वर्ष 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बने। इस लक्ष्य की प्राप्ति में आर्थिकी की तरक्की के साथ-साथ नागरिकों का स्वास्थ्य भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हमारे शास्त्रों में भी उल्लेख है कि “पहला सुख निरोगी काया” और यह तभी संभव है जब हम खेलों और शारीरिक गतिविधियों को अपने जीवन में बढ़ावा देंगे।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेटियों का प्रदर्शन सराहनीय

राव ने कहा कि हरियाणा की आबादी देश में मात्र 2 प्रतिशत है, लेकिन राष्ट्रीय स्तर हो या अंतरराष्ट्रीय स्तर – हरियाणा विशेषकर बेटियों का प्रदर्शन सराहनीय है। इसमें प्रदेश की खेल नीतियों का भी अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि आगामी 1 नवम्बर को हरियाणा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी विभिन्न विभागों से जुड़ी महत्वपूर्ण नीतियों की घोषणा करेंगे। यह घोषणाएँ प्रदेश के हर वर्ग और हर क्षेत्र के लिए उपयोगी साबित होंगी। कैबिनेट मंत्री ने इस दौरान प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। 

खलो में छह सौ से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया

उल्लेखनीय है कि  इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले की विभिन्न औद्योगिक एवं वाणिज्यिक संस्थाओं में कार्यरत श्रमिकों ने हिस्सा लिया था। खेलकूद प्रतियोगिता में रस्साकशी, कबड्डी (नेशनल स्टाइल), वॉलीबाल के साथ-साथ एथलेटिक्स की कई स्पर्धाएँ जैसे 100, 200, 400 व 800 मीटर रेस, लॉन्ग जम्प, हाई जम्प, शॉट पुट, डिसकस थ्रो तथा कुश्ती आयोजित की गई जिसमें छह सौ से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी 24 व 25 सितंबर को अंबाला में होने वाले राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।

इस अवसर पर अतिरिक्त श्रम आयुक्त कुशल कटारिया,  उप श्रम आयुक्त (कल्याण) सुरेन्द्र कौर, उप श्रम आयुक्त सर्कल. 1 गुरुग्राम दिनेश कुमार, उप श्रम आयुक्त सर्कल. 2, नवीन शर्मा, डीएसओ आरती कोहली और श्रम कल्याण अधिकारी नरेन्द्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Discover more from Theliveindia.co.in

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading