गूगल को प्ले स्टोर से चीनी ऐप ‘एब्लो’ हटाने के निर्देश, भारतीय सीमाओं के गलत चित्रण पर लिया संज्ञान
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) ने सर्वे ऑफ इंडिया (एसओआई) के साथ मिलकर अमरीकी टेक दिग्गज गूगल को भारत का गलत नक्शा दिखाने वाले चीनी चैट ऐप ‘एब्लो’ को अपने प्ले स्टोर से हटाने का आदेश दिया है। जानकारी के मुताबिक, यह चीनी ऐप भारत की सीमाओं का सही चित्रण नहीं कर रही थी। सरकारी नोटिस में कहा गया कि चीन आधारित वीडियो चैट प्लेटफॉर्म ने केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू और कश्मीर और लद्दाख को गलत तरीके से पेश किया है और अपने नक्शे से लक्षद्वीप द्वीप को पूरी तरह से हटा दिया है।
नोटिस में आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम, 1990 का भी जिक्र किया गया है। इस कानून के तहत गलत चित्रण एक दंडनीय अपराध है। इसके लिए छह महीने तक की कैद, जुर्माना या दोनों हो सकती है। इस ऐप के गूगल प्ले स्टोर पर 10,000 से अधिक डाउनलोड हैं।